भेदभाव के खिलाफ सामाजिक न्याय एवं अधिकार की लड़ाई परिक्रमा से नहीं पराक्रम से ही संभव है।
कैमूर (जनवरी 05, 2020) | बिहार लोहार महासभा के तत्वावधान में चैनपुर प्रखंड के हाटा बाजार स्थित प्रजापति वाटिका के सभागार में आयोजित लोहार समुदाय का सम्मान समारोह एवं राजनैतिक चेतना सम्मेलन संपन्न हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ऑल इंडिया यूनाइटेड विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने कहा राजनैतिक भागीदारी के लिए दलो की दलाली एवं मानसिक गुलामी का त्याग करना होगा क्योंकि सभी दलों ने इस समाज का सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल किया और धोखा दिया। उन्होंने भागीदारी के लिए हुंकार भरते हुए कहा भेदभाव के खिलाफ सामाजिक न्याय एवं अधिकार की लड़ाई परिक्रमा से नहीं पराक्रम से ही संभव है तथा भागीदारी के लिए सामाजिक रूप से संगठित होकर संघर्ष करने की जरूरत है। उन्होंने देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान करने वाले स्वाभिमान के प्रतीक क्रांतिकारी स्वतंत्रता सेनानी सुकालू लोहार एवं गुदड़ी लोहार की चर्चा करते हुए कहा देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान त्याग और बलिदान करने वाले समाज के सेनानियों एवं महापुरुषों का सभी सरकारों ने अपमान किया तथा इतिहास से उनका नामोनिशान मिटा कर सामाजिक अस्तित्व और पहचान के साथ खिलवाड़ किया। उन्होंने विधानसभा के आगामी चुनाव में सामाजिक संगठनों के सहयोग से बड़ी संख्या में निर्दलीय चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
आगे सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जगनारायण विश्वकर्मा ने कहा सामाजिक एकता में कमी एवं आपसी बिखराव के कारण हमारा समाज प्रत्येक क्षेत्र में सर्वाधिक पिछड़ा हुआ शोषित तथा अन्याय का शिकार है। राजनीति तथा नौकरियों में हमारी भागीदारी नगण्य है। हमें सामाजिक संगठन की शक्ति को मजबूत और शक्तिशाली बनाना होगा। उन्होंने कहा हमारे समुदाय को आबादी के हिसाब से भागीदारी और अधिकार नहीं मिला। सामाजिक संगठनों को पंचायत स्तर पर संगठन का विस्तार कर चुनाव लड़ने की आवश्यकता है।
सम्मेलन में सामाजिक एकजुटता पर बल देते हुए राजनीतिक भागीदारी के लिए स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने एवं अपने सामाजिक अधिकारों तथा स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष करने का निर्णय किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित करने के साथ ही कैमूर जिले की नव निर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि लोहार विकास मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राज किशोर शर्मा, गौरी शंकर शर्मा, श्रीकांत विश्वकर्मा, संतोष विश्वकर्मा, संगीता विश्वकर्मा थे। सम्मेलन की अध्यक्षता शिवकुमार शर्मा एवं संचालन रामराज शर्मा ने किया।
वक्ताओं में प्रमुख रूप से राम चेला शर्मा, शिव सागर शर्मा, अधिवक्ता विष्णु शर्मा, शिव शंकर शर्मा, दया शर्मा, केशव शर्मा, चिरकुट शर्मा, विनोद शर्मा, सीता शर्मा, मुंशी शर्मा, प्रीतम शर्मा, मुकेश शर्मा, राजेंद्र शर्मा, राम नयन शर्मा, महात्मा शर्मा, छट्टू शर्मा, लक्ष्मी शर्मा, राम प्रवेश शर्मा, रामसेवक शर्मा, राम राय शर्मा, डॉ प्रमोद कुमार विश्वकर्मा, नंदलाल विश्वकर्मा, श्याम बिहारी विश्वकर्मा, दीनदयाल विश्वकर्मा, सुरेश शर्मा, अधिवक्ता राजेश कुमार शर्मा, लोचन विश्वकर्मा, राम किशुन विश्वकर्मा, सुरेश विश्वकर्मा, राहुल विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, अवधेश विश्वकर्मा, मेवा लाल विश्वकर्मा सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।